बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आई योगी सरकार, कहा- असहाय न समझिए साथी, हमें आपका साथ निभाना है


सीएम योगी ने फसल क्षति की सहायता राशि प्रदान कराने के लिए किसानों की सूची बना कर उपलब्ध कराने का प्रशासन को निर्देश दिए।



सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। जिसके चलते राज्य में लोगों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।

शनिवार को डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के शाहपुर मण्डी परिषद के परिसर में बाढ़ पीड़ितों को सहायता राशि प्रदान करने के बाद उन्हें संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो हफ्ते से हो रही भारी बारिश के कारण राप्त, बूढ़ी राप्ती, घोंघी तथा कूड़ी नदी का जल स्तर बढ़ जाने से बाढ़ का पानी आस-पास के इलाकों तक चला गया है।

सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा कि, ‘परवाह नहीं मझधारों की, बाढ़ों का तो आना-जाना है। असहाय न समझिए साथी, हमें आपका साथ निभाना है।’

योगी ने कहा कि डुमरियागंज तथा नौगढ़ तहसील के लोगों की सहायता के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को 10 किलो चावल, दो किलो दाल, नमक, आटा, मसाला, तेल सहित अन्य वस्तुएं दी जा रही हैं और जानवरो के लिए चारे की पूरी व्यवस्था करायी गयी है।

योगी ने कहा कि बाढ़ से जिन किसानो की फसल नष्ट हो गयी है, उन किसानो की सूची बना कर उपलब्ध कराने का प्रशासन को निर्देश दिया गया है। उन्हें फसल क्षति की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसी के साथ ही बाढ़ के कारण बेघर हुए लोगों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि बारिश में जिन लोगों के घर गिर गये हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।



Related