वियना आतंकी हमले में 5 की मौत, IS से जुड़ा है हमलावर

भाषा भाषा
विदेश Updated On :

वियना। तीन नवंबर (एपी) ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में एक बंदूकधारी ने सोमवार की शाम को, लॉकडाउन लागू होने से पहले लोगों पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में एक हमलावर समेत पांच लोगों की मौत हुई है और 17 अन्य जख्मी हुए हैं।

गृह मंत्री कार्ल नेहम्मर ने बताया कि हमले में मरने वालों में दो पुरुष और दो महिलाएं हैं। असॉल्ट राइफल थामे और फर्जी आत्मघाती जैकेट पहने हुए संदिग्ध को पुलिस ने मार गिराया।

ऑस्ट्रिया की समाचार एजेंसी एपीए के मुताबिक, वियना की अस्पताल सेवा ने बताया कि हमले में जख्मी हुए सात लोगों की हालत नाजुक है। अस्पताल में 17 लोगों का इलाज चल रहा है। उन्हें गोली लगी है।

एपीए की खबर के मुताबिक, नेहम्मर ने कहा कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि संदिग्ध इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह का हमदर्द है। पुलिस ने उसके फ्लैट और अन्य परिसरों की तलाशी ली है।

गृह मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि कल रात हम पर कम से कम एक इस्लामी आतंकवादी ने हमला किया। उन्होंने जांच जारी रहने का हवाला देकर अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। नेहम्मर ने कहा कि अधिकारी इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अन्य हमलावर अब भी फरार हैं।

वियना के लोगों से आग्रह किया गया है कि वे मंगलवार को जहां तक मुमकिन हो घरों में रहें और बच्चे भी स्कूल नहीं गए। वियना में मंगलवार को सुबह करीब एक हजार पुलिस अधिकारी ड्यूटी पर थे। घायलों में एक पुलिस अधिकारी भी हैं। 28 वर्षीय यह अधिकारी अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं।

गोलीबारी की घटना सोमवार रात आठ बजे के बाद वियना के प्रमुख यहूदी उपासनागृह के पास हुई थी। उस वक्त महीने भर के लिए लॉकडाउन के लागू होने से पहले की अंतिम रात में लोग खुले रेस्तरां और बारों में आनंद ले रहे थे। वियना के पुलिस प्रमुख गेरहार्ड प्यूर्सटल ने बताया कि हमलावर को रात मार दिया गया था।



Related