डोनाल्ड ट्रंप ने किया चौंकाने वाला दावा- ‘दुनिया का 68 प्रतिशत ऑयल हमारे पास’

संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और वेनेजुएला मिलकर दुनिया के कुल तेल भंडार का करीब 68 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं। ट्रंप ने यह बात वॉशिंगटन में हुए 74वें नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट में अपने संबोधन के दौरान कही।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने इस साल जनवरी में वेनेजुएला पर कब्जा किया है और अब उसकी तेल संपदा का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने वेनेजुएला की खराब आर्थिक हालत का जिक्र करते हुए कहा, “वे बहुत बड़ी मुसीबत में थे। फिर भी उनके पास दुनिया में सबसे ज्यादा तेल है, शायद हमारे अलावा।” ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका और वेनेजुएला मिलकर दुनिया के 68 प्रतिशत तेल भंडार रखते हैं।

ट्रंप ने जनवरी की शुरुआत में हुई एक बड़ी सैन्य कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला में घुसकर के वहां राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया। उन्होंने इस कार्रवाई को बड़ा सैन्य अभियान बताया था। ट्रंप ने इस दौरान कहा, ‘हमारी बड़ी अमेरिकी तेल कंपनियां वहां जाएंगी, अरबों डॉलर खर्च करेंगी, खराब हालत में पड़ी तेल से जुड़ी व्यवस्था को ठीक करेंगी और बड़े पैमाने पर तेल बेचेंगी।’

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका वेनेजुएला को तब तक चलाएगा, जब तक वहां सत्ता का बदलाव सुरक्षित तरीके से नहीं हो जाता। हालांकि इस पूरे दावे और सैन्य कार्रवाई को लेकर कानूनी सवाल भी उठ रहे हैं और इस पर विवाद बना हुआ है।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने तेल कारोबार को और आगे बढ़ाएगा और वेनेजुएला के तेल को दुनिया के बाजार में बेचेगा। माना जाता है कि वेनेजुएला के पास दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार हैं, जो करीब दुनिया के कुल तेल का 17 प्रतिशत हैं।

First Published on: February 6, 2026 9:14 AM
Exit mobile version