इमरान खान ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कोरोना वायरस से संक्रमित भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की, जो फिलहाल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती हैं। सिंह (88) को सोमवार को हल्के बुखार के साथ दिल्ली में एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था।

हाल ही में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरे खान ने ट्वीट किया, ‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के जल्द कोविड-19 से उबरने की कामना करता हूं।’ उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सूत्रों के मुताबिक, सिंह को सोमवार सुबह हल्का बुखार था और बाद में जांच में उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कोरोना रोधी के टीके की दोनों खुराक ली हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कई अन्य नेताओं ने भी सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

First Published on: April 21, 2021 8:42 AM
Exit mobile version