चीन के ड्रीम प्रोजेक्ट CPEC को बड़ा झटका, ग्वादर में चीनी कंपनी ने बंद किया काम

चीन-पाक आर्थिक गलियारा (CPEC) के सबसे अहम प्रोजेक्ट ग्वादर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक चीनी कंपनी ने खराब कारोबारी माहौल और लगातार घाटे का हवाला देते हुए अपनी फैक्ट्री बंद कर दी और सभी कर्मचारियों को निकाल दिया। इस घटनाक्रम ने सीपीईसी की जमीनी स्थिति और विदेशी निवेशकों के भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पाकिस्तान के ग्वादर फ्री ज़ोन में काम कर रही हैंगेंग ट्रेड कंपनी ने शुक्रवार को अपनी फैक्ट्री बंद करने और सभी कर्मचारियों को निकालने का ऐलान किया। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के दिन यह फैसला लेते हुए कहा कि “गैर-व्यावसायिक कारणों” और ऑपरेशनल दिक्कतों के चलते कारोबार जारी रखना संभव नहीं रहा।

कंपनी ने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय निर्यात मानकों को पूरा कर रही थी, लेकिन उसके शिपमेंट अटक गए, जिससे लगातार नुकसान हो रहा था। पिछले तीन महीनों से वह अधिकारियों के संपर्क में थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका, जिसके चलते उसे यह कदम उठाना पड़ा।

हैंगेंग ट्रेड कंपनी ने कहा कि फैक्ट्री बंद करने से पहले उसने सभी देनदारियां चुका दीं, जिसमें तीन महीने का वेतन, जुर्माना, बिजली बिल और कंटेनर डिमरेज चार्ज शामिल हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान और चीन के रिश्ते मजबूत हैं और सीपीईसी एक प्रमुख प्रोजेक्ट है।

हालांकि, कंपनी ने साफ कहा कि कारोबार के लिए स्पष्ट और व्यावहारिक नीति वातावरण बेहद जरूरी है। साथ ही, कंपनी ने पाकिस्तान सरकार और योजना मंत्रालय का सहयोग के लिए धन्यवाद दिया, लेकिन निवेशकों को ग्वादर में निवेश से पहले जोखिमों का आकलन करने की सलाह भी दी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इसी महीने चीन दौरे पर जाने वाले हैं, जहां बिजनेस-टू-बिजनेस निवेश फोरम आयोजित होना है। ग्वादर में कंपनी बंद होने की खबर ने विदेशी निवेशकों के भरोसे और सीपीईसी के भविष्य को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं। कंपनी ने कर्मचारियों की छंटनी पर अफसोस जताते हुए कहा कि मौजूदा हालात में रोजगार बनाए रखना संभव नहीं था।

First Published on: May 3, 2026 2:01 PM
Exit mobile version