पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके बन्नू में शनिवार को एक बेहद खतरनाक हमला हुआ। इसने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर हिला कर रख दिया। इस हमले में पहले एक कार बम धमाका किया गया और उसके तुरंत बाद पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर हमला किया गया। 15 पुलिसकर्मियों के मारे जाने की आशंका है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में हुआ, जो अफगानिस्तान सीमा के पास स्थित है। यहां एक पुलिस चौकी को निशाना बनाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी को चौकी के पास उड़ा दिया।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी पुलिस पोस्ट ढह गई। इस हमले में कम से कम तीन पुलिस अधिकारियों की मौत की पुष्टि हुई है। लेकिन नुकसान इससे कहीं ज्यादा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारी सज्जाद खान के मुताबिक, चौकी पर उस समय करीब 15 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे, जिनमें से ज्यादातर के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अंतिम आंकड़े ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही सामने आएंगे।
हमले का तरीका बेहद खतरनाक था। पहले कार को मेन गेट से टक्कर मार करे धमाका किया गया। ब्लास्ट के बाद आसपास से पुलिसकर्मी मदद के लिए मौके पर पहुंचे और हमलावरों ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक एक अन्य पुलिस अधिकारी जाहिद खान ने बताया कि इस हमले में एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था, जिसने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को चौकी के पास उड़ा दिया। इसके बाद कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने ड्रोन का भी इस्तेमाल किया, जिससे यह हमला और ज्यादा खतरनाक हो गया। यह दिखाता है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे।
इस धमाके का असर आसपास के नागरिक इलाकों पर भी पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार, आसपास के घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा और कम से कम दो नागरिक घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एंबुलेंस और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बन्नू के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई, ताकि घायलों का तुरंत इलाज किया जा सके।
फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस तरह के हमले पहले भी पाकिस्तान तालिबान यानी TTP और उससे जुड़े समूह करते रहे हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव पहले से ही बना हुआ है।
