पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ की गीदड़ भभकी – ‘तो हम कोलकाता पर करेंगे अटैक’

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार (4 अप्रैल, 2026) को भारत को एक बार फिर से गीदड़भभकी देते हुए कहा कि अगर भारत कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो पाकिस्तान भारत के पूर्वी महानगर कोलकाता पर हमला कर देगा। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का यह बयान भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से देश के पड़ोसियों को किसी भी दुस्साहस करने से बचने की चेतावनी देने के बाद सामने आया है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सियालकोट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ख्वाजा आसिफ ने कहा, ‘अगर भारत इस बार कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो इंशाअल्लाह हम इसे कोलकाता पर अटैक कर देंगे। उन्होंने कहा, ‘अगर भारत अपने ही लोगों के जरिए या अपनी हिरासत में रखे गए पाकिस्तानी लोगों के जरिए कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन करने की प्लानिंग करता है, जैसे कहीं शव रखकर यह दावा करना कि ये आतंकवादी थे, तो पाकिस्तान इसका जवाब कोलकाता तक हमला करके देगा।’

दरअसल, भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार (2 अप्रैल, 2026) को पाकिस्तान का नाम लिए बिना भारत के पड़ोसी को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि किसी भी तरह के दुस्साहस के बाद निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। भारत की ओर से यह चेतावनी ऐसे समय में दी गई है जब फरवरी में अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर हमलों के बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ता जा रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था, ‘वर्तमान स्थिति में हमारा पड़ोसी किसी भी तरह के दुस्साहस को अंजाम दे सकता है और अगर ऐसा हुआ तो भारत की कार्रवाई अभूतपूर्व और निर्णायक होगी।’ केरल में चुनावी माहौल के बीच आयोजित सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी तक खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘जिस तरह आतंकवादियों ने पहलगाम में धर्म के आधार पर लोगों को निशाना बनाया था, यह हमला सिर्फ भारत पर नहीं, बल्कि देश की सामाजिक एकता और सामाजिक एकता पर भी हमला था।’

First Published on: April 5, 2026 9:45 AM
Exit mobile version