ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का निधन


बकिंघम पैलेस में क्वीन एलिजाबेथ के पति प्रिंस फिलिप का 99 साल की उम्र में निधन हो गया है।


शिवांगी गुप्ता शिवांगी गुप्ता
विदेश Updated On :

लंदन। बकिंघम पैलेस में क्वीन एलिजाबेथ के पति प्रिंस फिलिप का 99 साल की उम्र में निधन हो गया है। हाल ही में एक संक्रमण की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके चलते इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

महारानी की ओर से जारी एक बयान में जारी कर इस बात की जानकारी दी। बयान में कहा गया है, ‘‘गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि महारानी के पति प्रिंस फिलिप- ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह विंडसर कैसल में अंतिम श्वांस ली।’’

बता दें कि पिछले दिनों उन्हें करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था जहां हृदय संबंधी बीमारी को लेकर उनका इलाज किया गया था। कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन में प्रिंस फिलिप और महारानी ने अपना अधिकतर समय इंग्लैंड के विंडसर कैसल में कुछ कर्मचारियों के साथ बिताया था।

इससे पहले वर्ष 2011 में, प्रिंस फिलिप को उस समय सैंड्रिंघम से हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया था, जब उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। शाही परिवार उस समय क्रिसमस की तैयारियों में जुटा था। उस समय उनकी धमनियों में रूकावट का इलाज किया गया था और एक स्टेंट लगाया गया था।

बता दें कि इस साल 21 जून को वह अपना 100 वां जन्मदिन मनाते। वहीं दोनों ने इसी साल ही अपनी शादी की 73वीं सालगिराह मनाई थी और जनवरी में उन्होंने एक साथ ही कोविड टीके की पहली खुराक ली थी।

प्रिंस फिलिप का शुरूआती जीवन

प्रिंस फिलिप का जन्म 21 जून, 1921 को ग्रीस में हुआ था और फ्रांस, जर्मनी और यूनाइटेड किंगडम से शिक्षित होने के बाद उन्होंने 18 वर्ष की उम्र में यानि साल 1939 में ब्रिटिश शाही नौसेना में भर्ती हो गए। इसी के साथ ही उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नौसान में भाग लिया। जिस युद्ध के बाद किंग जॉर्ज VI ने उन्हें एलिजाबेथ से शादी करने की अनुमति दे दी थी।

लेकिन सगाई को सार्वजनिक करने से पहले प्रिंस फिलिप ने अपने ग्रीक और डेनिश शाही खिताब को छोड़कर एक साधारण ब्रिटिश नागरिक के तौर पर अपने नाना माउंटबेटन के उपनाम अपना लिया।

वहीं शादी से पहले फिलिप को ‘ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग’ की उपाधि दी गई और 20 नवंबर, 1947 को वह राजकुमारी एलिजाबेथ के साथ शादी के बंधन में बंध गए। जिसके बाद दंपति माल्टा चले गए, लेकिन 1952 में एलिजाबेथ के रानी बनने के बाद उन्होंने जल्द ही सक्रिय सैन्य सेवा छोड़ दी। वहीं फिलिप आधिकारिक तौर पर 1957 में ब्रिटिश राजकुमार बन गए।

बता दें कि उन्होंने अपनी आधिकारिक क्षमता में कुल 143 देशों का दौरा किया और इसी के साथ ही वे 780 से अधिक संगठनों में भी शामिल थे। अपने सफल कार्यकाल के बाद उन्होंने 2017 में अपने सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले लिया था।

प्रिंस फिलिप के जीवन से जुड़ी कुछ अहम घटनाएं

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप के जीवन से जुड़ी कुछ अहम घटनाएं इस प्रकार हैं –

1921: प्रिंस फिलिप यूनान के राजा के छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू के इकलौते बेटे कोर्फू के ग्रीक द्वीप में पैदा हुए थे। उनकी मां बैटलबर्ग की राजकुमारी एलिस हैं।

1922: फिलिप के पिता के निर्वासन में रहने के बाद, परिवार फ्रांस चला गया।

1928: फिलिप अपने माउंटबेटन रिश्तेदारों के साथ रहने के लिए इंग्लैंड चले गए। उनके दादा ने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान जर्मन विरोधी भावना में परिवार का नाम बैटनबर्ग से माउंटबेटन बदल दिया था।

1939: द्वितीय विश्व युद्ध के निकट आते ही फिलिप रॉयल नौसेना में कैडेट के रूप में शामिल हुए। बाद में उन्होंने हिंद महासागर, भूमध्यसागरीय और प्रशांत क्षेत्र में सेवा की और कई बार पदोन्नत हुए। उन्हें 1952 में कमांडर के रूप में पदोन्नत किया गया था, लेकिन उनका नौसैनिक कैरियर जल्द ही उनके शाही मिशन के कारण समाप्त हो गया।

1947: जुलाई में राजकुमारी एलिजाबेथ के साथ फिलिप की सगाई की घोषणा की गई थी। यह भी घोषणा की गई कि वे नवंबर में वेस्टमिंस्टर एब्बे में शादी करेंगे। वह अपनी शादी के दिन ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग बने।

1948: दंपति का पहला बच्चा, प्रिंस चार्ल्स, पैदा हुए।

1950: राजकुमारी ऐनी का जन्म।

1952: एलिजाबेथ के पिता, किंग जॉर्ज षष्टम की उस समय मृत्यु हो गई, जब वह और फिलिप अफ्रीका में थे, और वह रानी बन गई।

1956: फिलिप ने ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग अवार्ड्स प्रोग्राम की स्थापना की है, जिसका विस्तार 100 से अधिक देशों में है।

1960: प्रिंस एंड्रयू का जन्म।

1964: प्रिंस एडवर्ड का जन्म।

1982: फिलिप के पोते, प्रिंस विलियम का जन्म।

2009: फिलिप ब्रिटिश इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज करने वाले शाही व्यक्तित्व बने।

2011: फिलिप ने घोषणा की कि वह 90 वर्ष के हैं और अपने कार्यभार को “कम” कर रहे हैं।

2017: फिलिप ने घोषणा की कि वह अब अपनी वृद्धावस्था के कारण सार्वजनिक कार्यक्रमों में भागीदारी नहीं करेंगे।

16 फरवरी, 2021: फिलिप को लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका एक संक्रमण के लिए इलाज किया गया और फिर दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया जहां वह दिल की सर्जरी से गुज़रे। उन्हें 16 मार्च को अस्पताल से छुट्टी दी गई और उन्होंने एक महीना अस्पताल में बिताया था।

9 अप्रैल, 2021: बकिंघम पैलेस के अधिकारियों ने कहा कि प्रिंस फिलिप की विंडसर कैसल में मृत्यु हो गई।