ताइवान के आसपास चीन की सैन्य गतिविधियां तेज, 4 लड़ाकू विमान और 6 नौसैनिक जहाजों की मौजूदगी दर्ज

ताइपे। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को द्वीप के आसपास चीन की सैन्य गतिविधियों में तेजी दर्ज की। मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के चार विमान, नौसेना (PLAN) के छह जहाज और दो सरकारी जहाज ताइवान के आसपास संचालित होते पाए गए।

ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि रविवार सुबह 6 बजे तक इन गतिविधियों का पता चला। मंत्रालय के अनुसार, चार में से दो चीनी सैन्य विमानों ने मध्य रेखा पार कर ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में प्रवेश किया। ताइवान के सशस्त्र बलों ने इन गतिविधियों पर नजर रखी और आवश्यक जवाबी निगरानी की।

इससे पहले 3 नवंबर को ताइवान ने चीन के तटरक्षक बल पर अपने पूर्वी तट के पास जहाजों को परेशान करने और समुद्री क्षेत्र पर कथित अधिकार जताने का आरोप लगाया था। ताइपे टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीन जून से ताइवान के पूर्वी तट पर नियमित समुद्री गश्त बढ़ा रहा है। इसके जवाब में ताइवान के तटरक्षक प्रशासन (CGA) ने अपने जहाजों को निगरानी के लिए तैनात किया है।

ताइवानी अधिकारियों ने आशंका जताई है कि चीन की बढ़ती समुद्री गतिविधियां संभावित नौसैनिक नाकेबंदी की तैयारी का हिस्सा हो सकती हैं। इसमें सैन्य, अर्धसैनिक और नागरिक जहाजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। ताइवान के लिए उसका पूर्वी समुद्री क्षेत्र रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि संघर्ष की स्थिति में यही क्षेत्र आपूर्ति मार्गों को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकता है।

ताइवान के तटरक्षक प्रशासन ने दोहराया है कि रिपब्लिक ऑफ चाइना (ROC) एक संप्रभु और स्वतंत्र देश है तथा चीन और ताइवान एक-दूसरे के अधीन नहीं हैं। एजेंसी ने चीन की गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए खतरा बताया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की गतिविधियां ताइवान नियंत्रित प्रातास द्वीप समूह (डोंगशा द्वीप) के आसपास भी बढ़ी हैं। ताइवान के तटरक्षक प्रशासन ने बताया कि शनिवार को चीन का एक और तटरक्षक जहाज इन द्वीपों के नजदीक पहुंचा। इस साल अब तक ताइवान 13 बार चीनी तटरक्षक जहाजों को प्रातास के जलक्षेत्र से बाहर कर चुका है।

ताइपे में शनिवार को आयोजित एक सुरक्षा मंच पर समुद्री मामलों के विशेषज्ञ पाई पांग-टिंग ने कहा कि चीन अपनी समुद्री गतिविधियों के जरिए ताइवान के अधिकार क्षेत्र को चुनौती दे रहा है। उनके अनुसार, चीन सैन्य जहाजों के अलावा तटरक्षक, अनुसंधान और मछली पकड़ने वाले जहाजों का भी इस्तेमाल कर रहा है।

उन्होंने कहा कि चीन बार-बार समुद्री क्षेत्र में प्रवेश को सामान्य प्रशासनिक गतिविधि के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है, जिससे समुद्र में ताइवान के अधिकार क्षेत्र को धीरे-धीरे सीमित किया जा सके। ताइवान ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी समुद्री गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगा और अपने जलक्षेत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाता रहेगा।

First Published on: November 8, 2026 11:22 AM
Exit mobile version