रूस के किसी भी बहाने से यूक्रेन पर हमले की आशंका को लेकर पश्चिमी देश चिंतित

यूक्रेन पर रूस किस प्रकार हमला कर सकता है इसके बारे में अमेरिका ने अब तक की सबसे विस्तृत चेतावनी दी है और पश्चिमी देश इसे लेकर सतर्क हैं कि क्रेमलिन कोई बहाना बनाकर यूरोप में एक नया युद्ध छेड़ सकता है...

कीव। यूक्रेन पर रूस किस प्रकार हमला कर सकता है इसके बारे में अमेरिका ने अब तक की सबसे विस्तृत चेतावनी दी है और पश्चिमी देश इसे लेकर सतर्क हैं कि क्रेमलिन कोई बहाना बनाकर यूरोप में एक नया युद्ध छेड़ सकता है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बृहस्पतिवार को कहा कि रूस के पीछे हटने का कोई संकेत नहीं मिल रहा है, इसकी बजाय और सैनिक यूक्रेन की सीमा पर एकत्र हो रहे हैं जिससे पता चलता है कि मास्को कभी भी हमला कर सकता है। बाइडन ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, “हमारे पास इसकी पूरी जानकारी है कि वे यूक्रेन पर हमला करने वाले हैं।”

उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास यह मानने के पर्याप्त कारण हैं रूस युद्ध शुरू करने के लिए कोई भी बहाना बना सकता है।

पश्चिमी देशों को आशंका है कि रूस के 1,50,000 सैनिक (रूस की थलसेना का लगभग 60 प्रतिशत) यूक्रेन की सीमा पर तैनात हैं। क्रेमलिन का दावा है कि उसकी आक्रमण की कोई योजना नहीं है।

बाइडन, राजनयिक माध्यम से इस संकट को सुलझाने के लिए शुक्रवार को अटलांटिक देशों के नेताओं के साथ बातचीत कर सकते हैं। खुफिया सूचना से अवगत एक अधिकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम तक अमेरिकी और यूरोपीय अधिकारी रूस द्वारा बहाना बनाकर युद्ध छेड़ने की आशंका को लेकर बेहद सतर्क थे।

First Published on: February 18, 2022 4:32 PM
Exit mobile version