लखनऊ हिट एंड रन केस में अपर्णा यादव का बड़ा दावा-‘ये लव जिहाद…’

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
उत्तर प्रदेश Updated On :

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में युवती को कार से टक्कर मारने का मामला अब सिर्फ हिट एंड रन तक सीमित नहीं रह गया है। इस केस में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की एंट्री के बाद विवाद और गहरा गया है। महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा है कि शुरुआती जानकारी के आधार पर यह मामला लव जिहाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। उनका दावा है कि आरोपी युवती पर शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर उसने घटना को अंजाम दिया।

अपर्णा यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही महिला आयोग ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात की और कार्रवाई की जानकारी ली।

अपर्णा यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके मुताबिक अब सबसे जरूरी बात यह है कि पूरे मामले की गहराई से जांच हो और सच्चाई सामने लाई जाए।

पीड़िता के बयान का दिया हवाला

महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता की ओर से जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक आरोपी शहनवाज लगातार शादी का दबाव बना रहा था। जब युवती ने शादी से इनकार किया तो उसने कथित तौर पर कार से टक्कर मार दी। हालांकि इस दावे की जांच पुलिस कर रही है और आधिकारिक तौर पर जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है।

जांच के बाद ही साफ होगी पूरी तस्वीर

यह घटना गोमतीनगर विस्तार स्थित जेनेश्वर मिश्र पार्क के सामने हुई थी। शुरुआत में इसे हिट एंड रन केस माना जा रहा था, लेकिन अब मामले में अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं।

 महिला आयोग के बयान के बाद इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है, जिससे यह साफ होगा कि घटना सिर्फ सड़क हादसा थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।