नई दिल्ली। दिल्ली में दिवाली से पहले शराब की होम बुकिंग के लिए शुरू किए गए ऐप को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘दारू सप्लायर कहां मिलेंगे?’
आप शराब की होम बुकिंग की इस पहल का विरोध कर रही है। पार्टी का आरोप है कि सरकार आम लोगों की बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को दूर करने के बजाय शराब उपभोक्ताओं को सुविधाएं देने पर ध्यान दे रही है।
इससे पहले भारद्वाज ने सरकार की पहल पर तंज कसते हुए इसे ‘हर-हर रेखा, घर-घर ठेका’ बताया था। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से महिलाओं को करवा चौथ का तोहफा भी करार दिया था।
अस्पतालों की अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारद्वाज ने दिल्ली के अस्पतालों की व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एक गरीब मरीज को अस्पताल में पांच घंटे डायलिसिस कराने के बाद दवाइयों के लिए भी पांच घंटे कतार में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को मरीजों की परेशानियों के बजाय शराब खरीदने वालों की कतारों की चिंता है।
24 घंटे का अल्टीमेटम, मंत्री के इस्तीफे की मांग
आप ने दिल्ली सरकार को शराब बुकिंग की पहल वापस लेने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि फैसला वापस नहीं लेने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
भारद्वाज ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 24 घंटे के भीतर इस योजना को वापस नहीं लेती हैं, तो पार्टी दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के इस्तीफे की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो आप अपना आंदोलन तेज करेगी। भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से योजना वापस लेने और दिल्ली की महिलाओं से माफी मांगने की भी मांग की।
