INDIA गठबंधन की रैली रोकने का दबाव बनाया जा रहा: पवन खेड़ा

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया है कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की रैली में लोगों को शामिल होने से रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना में ट्रेनें रद्द की गईं और लोगों को दिल्ली आने से रोका गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशों के बावजूद गठबंधन की रैली तय कार्यक्रम के अनुसार होगी।

गुरुवार को रामलीला मैदान में तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे पवन खेड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कई राज्यों में लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि रैली में शामिल होने वालों की संख्या उम्मीद से अधिक होगी।

खेड़ा ने कहा कि रैली के दौरान लोगों के आने-जाने, बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है, ताकि पुलिस और आयोजकों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

व्यापारियों की रैली स्थगित करने की मांग पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता ने रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली को स्थगित करने की व्यापारियों की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या व्यापारियों ने शहर में हो रहे अन्य प्रदर्शनों को लेकर भाजपा नेता नितिन नवीन से भी ऐसी मांग की थी?

दरअसल, फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर एक नवंबर की रैली 10 नवंबर के बाद आयोजित करने का अनुरोध किया है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी कारोबार के व्यस्त मौसम में रैली से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

रैली की तैयारियों का लिया जायजा

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने बताया कि रैली में शामिल होने वाले लोगों के आगमन, बैठने की व्यवस्था और वरिष्ठ नेताओं के प्रवेश से जुड़े इंतजामों का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं और उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचेंगे।

वहीं, कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में महाभियोग प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाने के बाद अब जनता उनके खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी।

राहुल गांधी ने किया दिल्ली मार्च में शामिल होने का आह्वान

इससे पहले राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से एक नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले ‘चलो दिल्ली रामलीला मार्च’ में शामिल होने की अपील की थी।

उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आंदोलन बताया। राहुल गांधी ने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का मार्च नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोगों का अभियान है।



Related