नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें सात सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी इन सुझावों पर अमल करें तो कांग्रेस संसद में अधिक सीटें जीत सकती है।
रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर राहुल गांधी के लिए सात सूत्रीय मंत्र पेश किया। इसमें उन्होंने बार-बार विदेश यात्राओं से बचने, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करने और भारत विरोधी एजेंडे वाले लोगों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
रिजिजू के सात सुझाव इस प्रकार हैं:
- भारत में अधिक समय बिताएं और बार-बार गुप्त विदेश यात्राओं से बचें।
- वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करें और उनके अनुभव से सीखें।
- भारत विरोधी लोगों से मुलाकात न करें और उनके एजेंडे को बढ़ावा देना बंद करें।
- भाजपा, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति गहरी नफरत छोड़ें। भाजपा को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी समझें, दुश्मन नहीं।
- संसद को गंभीरता से लें और सांसदों को बहस एवं चर्चा में भाग लेने दें।
- भारतीय संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें।
- कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से काम करने दें और परिवारवाद की राजनीति समाप्त करें।
रिजिजू की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने दावा किया कि वह पांच मिनट की बहस में साबित कर सकते हैं कि प्रधानमंत्री ‘देशद्रोही’ हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नियंत्रण में काम कर रहे हैं।
संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री उनके साथ आमने-सामने बैठकर बहस करने की हिम्मत नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस बहस के लिए अपनी पसंद का निर्णायक और स्थान तय कर सकते हैं।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रिजिजू की सात सूत्रीय सलाह को इसी राजनीतिक टकराव के बीच कांग्रेस और राहुल गांधी पर किए गए कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
