पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच संदिग्ध हुए ढेर

भाषा भाषा
देश Updated On :

चंडीगढ़। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब में शनिवार की सुबह भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच घुसपैठियों को मार गिराया, एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बल के जवानों ने पंजाब के तरन तारन जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियां देखी।

उन्होंने बताया कि संदिग्धों से रुकने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने बीएसएफ के जवानों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और इसमें पांच घुसपैठिए मारे गए। बीएसएफ के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 4:45 बजे हुई। क्षेत्र में तलाश अभियान चल रहा है।

वहीं दूसरी तरफ श्रीनगर के बारामूला में सुरक्षा बलों के साथ संघर्ष में शनिवार को एक आतंकवादी मारा गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी के संबंध में खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बारामूला जिले के क्रीरी में चक-ए-सालूसा इलाके में सुबह घेरेबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं। इसके बाद सुरक्षा बलों में भी जवाबी कार्रवाई की और इस मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। आतंकवादी की पहचान की जा रही है और उसके संगठन के बारे में पता लगाया जा रहा है।