अनुच्छेद 370 समाप्त करने और नये कृषि कानूनों के फैसलों से देश पीछे नहीं हटेगा : मोदी


प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटने का इंतजार देश बरसों से कर रहा था या नहीं ? ये फैसला हमने लिया, राजग की सरकार ने लिया। आज ये लोग इस फैसले को पलटने की बात कर रहे हैं और कह रहे हैं कि यदि वे सत्ता में आए तो अनुच्छेद-370 फिर लागू कर देंगे।’’



डेहरी ऑन सोन (बिहार)। बिहार में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के अनुच्छेद 370 और कृषि संबंधी तीन नये कानून पर कांग्रेस सहित विपक्ष के रुख की कड़ी आलोचना की और साथ ही साफ शब्दों में कहा कि देश अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेगा ।

प्रधानमंत्री ने रोहतास में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा, ‘‘देश, जहां संकट का समाधान करते हुए आगे बढ़ रहा है, ये लोग देश के हर संकल्प के सामने रोड़ा बनकर खड़े हैं।’’ उन्होंने कहा कि देश ने किसानों को बिचौलियों और दलालों से मुक्ति दिलाने का फैसला लिया तो ये बिचौलियों और दलालों के पक्ष में खुलकर मैदान में हैं।

मोदी ने  विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मंडी और न्यूनतम समर्थन मूल्य तो बहाना है, असल में दलालों और बिचौलियों को बचाना है।’’ उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले जब किसानों के बैंक खाते में सीधे पैसे देने का काम शुरु हुआ था, तब इन्होंने कैसा भ्रम फैलाया था।

विपक्ष पर हमलावर प्रधानमंत्री ने कहा कि जब राफेल विमानों को खरीदा गया, तब भी ये बिचौलियों और दलालों की भाषा बोल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘ जब-जब, बिचौलियों और दलालों पर चोट की जाती है, तब-तब ये तिलमिला जाते हैं, बौखला जाते हैं। आज हालत यह हो गई है कि ये लोग भारत को कमजोर करने की साजिश रच रहे लोगों का साथ देने से भी नहीं हिचकिचाते।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटने का इंतजार देश बरसों से कर रहा था या नहीं ? ये फैसला हमने लिया, राजग की सरकार ने लिया। आज ये लोग इस फैसले को पलटने की बात कर रहे हैं और कह रहे हैं कि यदि वे सत्ता में आए तो अनुच्छेद-370 फिर लागू कर देंगे।’’

मोदी ने कहा, ‘‘ मैं जवानों और किसानों की भूमि बिहार से कहना चाहता हूं कि ये लोग जिसकी चाहें मदद ले लें, लेकिन देश अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेगा। ’’

गौरतलब है कि कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने हाल में बनाये गए तीन कृषि संबंधी कानूनों को किसान विरोधी बताया है। कांग्रेस और राजद ने बिहार चुनाव के घोषणापत्र में कहा है कि उनकी सरकार बनी, तो पहले विधानसभा सत्र में ही इन कृषि कानूनों को समाप्त करने का विधेयक पारित किया जायेगा ।

मोदी ने बिहार के लोगों को पूर्ववर्ती लालू प्रसाद सरकार के काल की याद दिलाते हुए कहा कि बिहार के लोग वे दिन भूल नहीं सकते, जब सूरज ढलते का मतलब होता था, सब कुछ बंद हो जाना, ठप पड़ जाना। उन्होंने आरोप लगाया कि ये वे दिन थे, जब सरकार चलाने वालों की निगरानी में दिन-दहाड़े डकैती होती थी, हत्याएं होती थीं, रंगदारी वसूली जाती थी ।

मोदी ने कहा कि आज प्रदेश में बिजली है, सड़कें हैं और सबसे बड़ी बात- वह माहौल है जिसमें राज्य का सामान्य नागरिक बिना डरे रह सकता है, जी सकता है। उन्होंने कहा कि अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ना इसी को कहते हैं।