बस्ती/मेदिनीनगर। यूपी के बस्ती जिले के छावनी इलाके में एक दलित किशोरी के साथ तीन लोगों ने जहां सामूहिक दुष्कर्म किया वहीं झारखंड के पलामू जिले में टीचर ने एक नाबालिग छात्रा का न सिर्फ शारीरिक शोषण किया बल्कि उसे जहर देकर मौत के घाट भी उतार दिया।
बस्ती जिले में दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र कुमार ने बताया कि 15 वर्षीय किशोरी के साथ यह घटना सुबह उस समय हुई जब वह शौच क्रिया के लिये खेत गयी थी। किशोरी के भाई द्वारा तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफतार कर लिया है।
वहीं झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के एक गांव के पारा शिक्षक ने अपने ही विद्यालय की एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म कर उसे जहर दे दिया जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पलामू में लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुप कुमार ने बताया कि आरोप है कि शंभूनाथ सिंह नामक 35 वर्षीय पारा शिक्षक ने अपने ही विद्यालय की तेरह वर्षीया नाबालिग छात्रा के साथ पहले तो विद्यालय के एक कक्ष में बुधवार को बलात्कार किया और फिर उसे जहर दे दिया जिससे उसकी अस्पताल में मौत हो गयी।








