जम्मू के फल व सब्जी मंडी में बेकाबू हुई ट्रक, दो लोगों की दर्दनाक मौत

भाषा भाषा
जम्मू-कश्मीर Updated On :

जम्मू। जम्मू के फल एवं सब्जी बाजार में एक बेकाबू ट्रक ने करीब एक दर्जन वाहनों को टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि हादसा ट्रक चालक द्वारा संभवत: वाहन पर से नियंत्रण खोने की वजह से हुआ। हादसा नरवाल मंडी में उस समय हुआ जब सुबह के वक्त लोग फल-सब्जियां खरीद रहे थे।

उन्होंने बताया कि ट्रक पर राजस्थान का पंजीकरण नंबर था और ट्रक के चालक ने संभवत: ब्रेक फेल होने की वजह से वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिससे ट्रक ने सामान ढोने वाले चार छोटे वाहनों, तीन कार और दो दोपहिया वाहनों सहित करीब एक दर्जन वाहनों को टक्कर मार दी।

अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में अखनूर निवासी सूरज प्रकाश (45)और आरएस पुरा निवासी बोधराज (40) की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य चार लोगों को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।



Related