
नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि पूरा पंजाब, भगत सिंह और बाबासाहेब आंबेडकर के सपनों को पूरा करने की शपथ लेगा।
पंजाब के शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर जिले में स्थित खटकड़ कलां गांव में मान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का पैतृक गांव है।
मान ने पंजाबी में ट्वीट किया, ‘‘ सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। भगत सिंह और बाबासाहेब के सपनों को पूरा करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां गांव में शपथ लेगा। ’’
सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा।
शहीद भगत सिंह जी की सोच पर पहरा देने के लिए मैं उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो रहा हूं।
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) March 16, 2022
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नयी उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं।’’
आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा।
उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गाँव खटकड़ कलाँ के लिए रवाना हो गया हूँ।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 16, 2022
‘आप’ के पंजाब से जुड़े मामलों के प्रभारी राघव चड्ढा ने ट्वीट किया, ‘‘ आज पंजाब के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि पंजाब के तीन करोड़ लोग मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ शपथ लेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ लोग इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलने और शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबासाहेब आंबेडकर के सपनों को पूरा करने की शपथ लेंगे, आज से हर पंजाबी मुख्यमंत्री होगा।’’
चड्ढा ने पीले रंग की पगड़ी पहने अपनी तस्वीर ट्विटर पर साझा की।
आनंदपुर साहिब से नवनिर्वाचित विधायक हरजोत बैंस ने कहा, ‘‘ आज पंजाब की एक नई शुरुआत होगी। हम सब मिलकर शहीद-ए-आजम भगत सिंह के सपनों को पूरा करेंगे, यही हमारे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’’
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार को सुबह से राज्य के कई स्थानों से आम आदमी पार्टी के समर्थक खटकड़ कलां पहुंचने लगे। पुरुष पीली पगड़ी पहने और महिलाएं पीले रंग के दुपट्टे ओढ़े नजर आईं।
शूत्राना से पार्टी के एक समर्थक ने कहा, ‘‘ हम भगवंत मान और पूरे पंजाब को बधाई देना चाहते हैं।’’
मान के मोहाली से खटकड़ कलां के लिए निकलते समय उनके कुछ समर्थकों ने उनके वाहन पर पुष्प वर्षा की और उन्हें बधाई दी।
भगवंत मान (48) ने राज्य के लोगों को शपथग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया था। उनका कहना है कि उनके साथ पंजाब के तीन करोड़ लोग शपथ लेंगे।
समारोह के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और इस आयोजन के लिए महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस समारोह के लिए करीब आठ से 10 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से ‘आप’ ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की है।