
नई दिल्ली। डॉ. अरुणाभा घोष, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त पब्लिक पॉलिसी विशेषज्ञ और एशिया के प्रमुख थिंक टैंक में से एक काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्ल्यू) के सीईओ, को कल (गुरुवार) न्यूयॉर्क में 2022 एशिया गेम चेंजर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। भारत और दुनिया भर में जलवायु परिवर्तन और सस्टेनेबिलिटी के मुद्दे पर उनके योगदान को मान्यता देते हुए उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। एशिया सोसाइटी प्रत्येक वर्ष उन नेताओं को एशिया गेम चेंजर अवॉर्ड से सम्मानित करती है, जिन्होंने एशिया और दुनिया के भविष्य के लिए अपना उत्कृष्ट योगदान दिया है।
एशिया गेम चेंजर अवॉर्ड के नौवें संस्करण में सम्मानित अन्य व्यक्तियों में माइकल ब्लूमबर्ग (न्यूयॉर्क शहर के पूर्व मेयर), आलोक शर्मा (कोप26 के अध्यक्ष), कैथी जेटनिल-किजिनेर (मार्शल द्वीप समूह की कवि और जलवायु कार्यकर्ता), मा जून (निदेशक, इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एंड एनवायरनमेंट अफेयर्स), नैनेट मेडवेड-पो (होप और पीसीएक्स समूह की संस्थापक व अध्यक्ष), राज शाह (रॉकफेलर फाउंडेशन के अध्यक्ष), और जेनेट यांग (अकादमी ऑफ़ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की अध्यक्ष) शामिल हैं।
पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए सीईईडब्ल्यू के सीईओ डॉ. अरुणाभा घोष ने कहा, “मैं इस सम्मान के लिए बहुत आभारी हूं। जलवायु परिवर्तन, इंसानियत के सामने केवल दूसरी सबसे बड़ी चुनौती है। सबसे बड़ी चुनौती है सहानुभूति की कमी,विभिन्न रंगों, संस्कृतियों, लिंगों और भौगोलिक क्षेत्रों में रहने वाले मनुष्यों के बारे में जानकारी की कमी। जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए, हमें जोखिम के लिहाज से कमजोर लोगों की स्थितियों को समझना होगा। हमें ऐसी परिस्थितियां बनानी चाहिए, जिससे सभी के लिए एक साझी जमीन की तलाश की जा सके। इसके अलावा, उथल-पुथल करने वाली समस्याओं के समाधान के लिए, हमें उन लोगों के आस-पास संस्थाओं का निर्माण करना चाहिए, जिनकी समस्याओं को हम समझने के दावे करते हैं।”
We had a blast celebrating the 2022 #AsiaGameChangers climate heroes last night! 🌎 Here are some highlights from the award ceremony⬇️ 🏆
📷: Ellen Wallop pic.twitter.com/AptaVm11SL
— Asia Society (@AsiaSociety) October 28, 2022
डॉ. अरुणाभा घोष ने दुनिया भर में विभिन्न सरकारों, उद्योगों, नागरिक समाज व अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लिए बतौर सलाहकार काम किया है। वर्तमान में, वे भारत सरकार के जी20 फाइनेंस ट्रैक एडवाइजरी ग्रुप में शामिल हैं और 2022-23 में भारत की जी20 प्रेसिडेंसी के लिए शेरपा ट्रैक को सलाह देते हैं। 2022 में, संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने डॉ. घोष को गैर-सरकारी क्षेत्रों द्वारा नेट-जीरो घोषणाओं की विश्वसनीयता और जवाबदेही पर गठित उच्च-स्तरीय विशेषज्ञ समूह में नियुक्त किया है।
इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र महासचिव के नामांकन के आधार पर, वे 2018 से यूएन कमेटी फॉर डेवलपमेंट पॉलिसी में सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. अरुणाभा घोष, ग्लोबल कमीशन ऑन इकोनॉमिक्स ऑफ वॉटर के भी सदस्य हैं। 2020 में, भारत सरकार ने उन्हें भारत की विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार नीति (STIP2020) के लिए एनर्जी, एनवायनरमेंट एंड क्लाइमेट चेंज ट्रैक का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्हें 2022 में इंडोनेशिया की जी20 प्रेसीडेंसी के लिए टी-20 टास्क फोर्स ऑन क्लाइमेट एंड एनर्जी का सह-अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।
अपने संबोधन में डॉ. घोष ने आगे कहा,“ यह ग्लोबल साउथ (कम आय वाला क्षेत्र) ही है, जहां ज्यादातर आबादी निवास करती है, जहां उनकी आशाओं और आकांक्षाओं को प्रज्वलित करने की आवश्यकता है, और जहां गतिविधियां हो रही हैं। मेरा सपना है कि 2022, जब भारत आजादी के 75 साल का जश्न मना रहा है, में जन्मी एक कोयला खनन मजदूर की बेटी स्वतंत्र भारत के 100 वर्ष पूरे होने पर एक स्वच्छ ऊर्जा अरबपति बन जाए।”
एशिया गेम चेंजर अवॉर्ड के पूर्व विजेताओं में हिज हाइनेस आगा खान; अलीबाबा के संस्थापक जैक मा; नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई; टेनिस चैंपियन एवं अधिवक्ता नाओमी ओसाका, प्रतिष्ठित वास्तुकार आई.एम. पेई; पेप्सी की पूर्व सीईओ इंदिरा नूयी; और महान सेलिस्ट योयो मा जैसे नाम शामिल हैं।