तेल अवीव: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर इजरायल स्थित भारतीय दूतावास ने हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों और शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। दूतावास ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर शहीदों के साहस और बलिदान को याद किया।
भारतीय दूतावास ने अपने संदेश में लिखा, “26/11 को याद करते हुए, साहस को नमन।” दूतावास ने कहा कि आज हम मुंबई आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हैं और कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हैं।
दूतावास ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि भारत आतंकवाद और उग्रवाद के सभी रूपों के खिलाफ अपनी लड़ाई में दृढ़ है। साथ ही शांति, सुरक्षा और सद्भाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इससे पहले फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास ने भी 26/11 हमले की बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। हमले में दो फ्रांसीसी नागरिकों की भी मौत हुई थी। दूतावास ने फरवरी में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों की भारत यात्रा का उल्लेख किया। इस दौरान दोनों ने मुंबई के ताज महल पैलेस होटल स्थित 26/11 स्मारक पर जाकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी थी।
भारतीय दूतावास ने कहा कि फ्रांस और भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं और इस लड़ाई में फ्रांस भारत के साथ खड़ा है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान समर्थित लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्री रास्ते से मुंबई पहुंचे थे। इन आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, नरीमन हाउस, कामा अस्पताल और लियोपोल्ड कैफे समेत कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था।
करीब चार दिनों तक चले इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। मृतकों में 140 भारतीय नागरिक और 23 अन्य देशों के 26 नागरिक शामिल थे। हमले के दौरान भारतीय पुलिस और सुरक्षा बलों के 18 जवानों सहित ताज होटल के 12 कर्मचारियों ने भी अपनी जान गंवाई थी।
हमले की यादें आज भी मुंबई के कई स्थानों पर मौजूद हैं। लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस पर गोलियों के निशान इस घटना की याद दिलाते हैं। वहीं, आतंकी अजमल कसाब को पकड़ने के दौरान शहीद हुए सहायक पुलिस उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले का बलिदान भी देश को याद है।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में नौ आतंकवादी मारे गए थे, जबकि अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार किया गया था। मई 2010 में उसे मौत की सजा सुनाई गई और नवंबर 2012 में पुणे की उच्च सुरक्षा वाली जेल में फांसी दे दी गई।
- 18th Anniversary of 26/11
- Ajmal Kasab
- Brigitte Macron
- EMMANUEL MACRON
- India Israel Relations
- Indian Embassy in France
- Indian Embassy in Israel
- Indian Security Forces
- Lashkar-e-Taiba
- Mumbai Attack 2008
- Mumbai terror attack
- Mumbai Terror Attacks
- Taj Mahal Palace Hotel
- Terrorism Against India
- Tribute Martyrs
- Zero Tolerance for Terrorism
