ईरान युद्ध में अमेरिकी संसद की मंजूरी के बिना सैन्य कार्रवाई कराने का आरोप, रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने पेश किए महाभियोग के आठ प्रस्ताव।
वॉशिंगटन। अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने अपने खिलाफ महाभियोग की बढ़ती मांग के बीच कहा है कि वह पीछे नहीं हटेंगे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सार्वजनिक समर्थन के बाद हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर उनका आभार जताते हुए कहा, ”धन्यवाद, राष्ट्रपति महोदय। आपकी तरह हम भी कभी पीछे नहीं हटेंगे।”
इससे पहले हेगसेथ ने कहा था कि उन्हें महाभियोग की संभावित कार्रवाई को लेकर कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी के बजाय उनका ध्यान राष्ट्रपति के एजेंडे को लागू करने और रक्षा विभाग की जरूरतों को पूरा करने पर है। उन्होंने मंगलवार सुबह पेंटागन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे पर अपनी बात रखने की घोषणा भी की।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान हेगसेथ का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अच्छा काम किया है और वेनेजुएला तथा ईरान में दो संघर्षों में जीत हासिल की है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह अपने युद्ध मंत्री के साथ खड़े हैं।
हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की पहल रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने की है। उन्होंने ईरान में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के लिए कांग्रेस की मंजूरी नहीं लेने और पेंटागन प्रमुख के रूप में शक्तियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए महाभियोग के आठ अनुच्छेद पेश किए हैं। मैसी ने आरोप लगाया कि हेगसेथ ने गैरकानूनी आदेशों को जानबूझकर लागू किया। प्रस्ताव में 1973 के वॉर पावर्स रिजॉल्यूशन के उल्लंघन और यमन तथा वेनेजुएला में सैन्य अभियानों से जुड़े आरोप भी शामिल हैं।
सीएनएन के कार्यक्रम ‘द सोर्स’ में भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना के साथ बातचीत में मैसी ने कहा कि तीन नवंबर के मध्यावधि चुनाव के बाद कुछ रिपब्लिकन सांसद महाभियोग के समर्थन में आ सकते हैं। उनके अनुसार, इनमें वे सांसद शामिल हैं जो चुनाव नहीं लड़ेंगे और वे भी जो बेहद कम अंतर से चुनाव जीते हैं तथा प्रशासन की नीतियों से दूरी बनाना चाहते हैं।
मैसी ने यह भी कहा कि महाभियोग संबंधी प्रस्ताव अगले कांग्रेस सत्र में भी जारी रह सकता है, जबकि सामान्य विधेयक और प्रस्ताव मौजूदा सत्र के अंत में समाप्त हो जाते हैं। रो खन्ना ने ईरान युद्ध और एपस्टीन फाइलों के मुद्दे पर मैसी के रुख की सराहना करते हुए कहा कि इसके लिए उन्होंने अपना राजनीतिक करियर तक दांव पर लगा दिया है।
ट्रंप ने मैसी की आलोचना करते हुए उन्हें ‘लूजर’ करार दिया और कहा कि उन्हें कांग्रेस का समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। मैसी हाल ही में ट्रंप समर्थित उम्मीदवार से रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव हार गए थे।
इस बीच, डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज ने भी हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हेगसेथ ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया, राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर किया और ईरान में एक महंगे तथा गैरजरूरी युद्ध को आगे बढ़ाया। जेफ्रीज ने कहा कि हेगसेथ को पद छोड़ देना चाहिए।
हालांकि, प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन ने पहले की महाभियोग पहलों को रोकने का प्रयास किया था। उनका तर्क था कि विदेशों में सैन्य संघर्ष जारी रहने के दौरान कैबिनेट मंत्री के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई से सहयोगियों और विरोधियों के बीच गलत संदेश जा सकता है।
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद कांग्रेस में सत्ता संतुलन बदलने के संकेतों के बीच हेगसेथ पर राजनीतिक दबाव बढ़ गया है। डेमोक्रेट्स के जनवरी 2027 में प्रतिनिधि सभा और सीनेट का नियंत्रण संभालने की संभावना जताई जा रही है।
यह राजनीतिक टकराव ऐसे समय हो रहा है, जब ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि सैन्य दृष्टि से ईरान के साथ संघर्ष प्रभावी रूप से समाप्त हो चुका है। हालांकि, उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निष्प्रभावी करने के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की कोशिश जारी रहने की बात भी कही है।
