बिहार और हरियाणा में 44,250 कारतूस जब्त होने के बाद आरएसएस से कथित संबंधों पर मांगा स्पष्टीकरण, संगठन के पंजीकरण की भी उठाई मांग।
बेंगलुरु। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने बिहार और हरियाणा में 44,250 जिंदा कारतूस बरामद होने के मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा से जवाब मांगा है। उन्होंने आरोपियों के आरएसएस की गणवेश में होने संबंधी कथित तस्वीरों और रिपोर्टों का हवाला देते हुए इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में खड़गे ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कारतूस की बरामदगी अंतरराज्यीय अवैध हथियार और गोला-बारूद तस्करी नेटवर्क की ओर संकेत करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में कथित रूप से आरएसएस से जुड़े लोगों की क्या भूमिका थी और वे किनके लिए काम कर रहे थे।
खड़गे ने पांच सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या आरोपी आरएसएस के स्वयंसेवक थे? संगठन में उनके क्या पद थे? यदि वे स्वयंसेवक थे, तो कारतूस तस्करी में उनकी क्या भूमिका और मंशा थी? वे किन लोगों के लिए काम कर रहे थे? उन्होंने यह भी पूछा कि जब्त कारतूस किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और क्या उनका इस्तेमाल आपराधिक गिरोहों, चरमपंथी समूहों या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में होना था।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सरकारी कारखानों में निर्मित कारतूस अवैध बाजार तक कैसे पहुंचे। खड़गे ने उन खबरों का उल्लेख किया, जिनमें जब्त कारतूसों पर पुणे स्थित खड़की गोला-बारूद कारखाने से जुड़े निशान होने की बात कही गई है। उन्होंने पूछा कि कारतूसों को अवैध बाजार तक पहुंचाने में किन लाइसेंसधारी हथियार कारोबारियों और बिचौलियों की भूमिका थी तथा यह नेटवर्क कब से सक्रिय था।
भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए खड़गे ने कहा कि भाजपा अक्सर राष्ट्रवाद, देशभक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा की बात करती है, लेकिन इस मामले में कथित तौर पर आरएसएस से जुड़े लोगों के नाम सामने आने पर जवाबदेही को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने आरएसएस के पंजीकरण की मांग दोहराते हुए कहा कि संगठन का औपचारिक पंजीकरण और सदस्यों का रिकॉर्ड होने से जवाबदेही तय करने तथा किसी व्यक्ति के संगठन से जुड़े होने की पुष्टि करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को टैग करते हुए संगठन के पंजीकरण में व्यक्तिगत रूप से मदद करने और उसका शुल्क देने की पेशकश भी की।
गौरतलब है कि बिहार पुलिस ने भोजपुर जिले में करीब 19,250 कारतूस बरामद किए हैं, जबकि हरियाणा एसटीएफ ने झज्जर जिले में रोहद टोल प्लाजा के पास लगभग 25,000 कारतूस जब्त किए। इस तरह दोनों राज्यों में कुल करीब 44,250 कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, अंतरराज्यीय कारतूस तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी संगठन की संस्थागत संलिप्तता स्थापित नहीं हुई है।
