बांग्लादेश: हिंदू संत चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी को चटगांव से ढाका जेल भेजा गया, वकीलों ने जताई चिंता

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

ढाका: बांग्लादेश के हिंदू संत चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी को चटगांव सेंट्रल जेल से अचानक ढाका सेंट्रल जेल स्थानांतरित किए जाने पर उनके वकीलों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि जेल बदलने से संत की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं और उनके जीवन को खतरा हो सकता है।

चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी के वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि चिन्मय वैष्णव संत और ब्रह्मचारी हैं। वह सख्त शाकाहारी हैं और अपनी धार्मिक मान्यताओं के कारण स्वयं भोजन बनाकर खाते हैं। चटगांव जेल में सह-आरोपी रंगनाथन ब्रह्मचारी उन्हें भोजन तैयार करने में मदद करते थे, जिससे उन्हें कुछ सुविधा मिल रही थी।

वकील के मुताबिक, चिन्मय गंभीर लिवर बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें विशेष भोजन की जरूरत है। ढाका सेंट्रल जेल में ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल वह केवल फल खा पा रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इससे चिन्मय की जान को खतरा हो सकता है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, चिन्मय कृष्ण दास को सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच चटगांव से ढाका लाया गया। उनका वाहन सुबह करीब 10 बजे ढाका सेंट्रल जेल पहुंचा।

क्या है पूरा मामला?

चिन्मय कृष्ण दास बांग्लादेश के सनातनी जागरण जोत के प्रवक्ता हैं। 26 नवंबर 2024 को चटगांव अदालत परिसर में उनकी जमानत सुनवाई के दौरान हिंसा भड़क गई थी। इस घटना में वकील सैफुल इस्लाम की पीटकर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में मृतक वकील के पिता जमाल उद्दीन ने 31 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा पुलिस पर हमले, सरकारी काम में बाधा डालने और अदालत परिसर में हिंसा से जुड़े अन्य मामले भी दर्ज किए गए।

एक जुलाई 2025 को जांच अधिकारी ने चटगांव अदालत में 38 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। बाद में शिकायतकर्ता की आपत्ति याचिका पर अदालत ने 25 अगस्त 2025 को 39 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र स्वीकार कर लिया। फिलहाल चटगांव डिविजनल स्पीडी ट्रायल ट्रिब्यूनल में मामले की गवाही चल रही है।

इससे पहले 31 अक्टूबर 2024 को चिन्मय कृष्ण दास समेत 19 लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान के आरोप में राजद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले में 25 नवंबर 2024 को उन्हें ढाका से गिरफ्तार किया गया था।



Related