सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द व्वान’ का बनेगा सीक्वल, छठ पूजा पर मेकर्स ने जारी किया टीजर

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
मनोरंजन Updated On :

मुंबई: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की लोककथाओं पर आधारित फिल्म ‘द व्वान’ की कहानी आगे बढ़ने वाली है। निर्माता एकता कपूर ने छठ पूजा के अवसर पर फिल्म के सीक्वल ‘द व्वान 2’ की घोषणा की है। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म का पहला टीजर भी जारी किया है।

पहली फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया था, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। सीक्वल के लिए बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर (TVF) एक बार फिर साथ आए हैं।

जारी किए गए टीजर में एक छोटी बच्ची को तितली के पीछे जंगल की ओर जाते हुए दिखाया गया है। यह दृश्य फिल्म की अगली कहानी में एक नए रहस्य और रोमांच की ओर संकेत करता है। टीजर के साथ मेकर्स ने लिखा, ‘द व्वान की कहानी अभी बाकी है।’

छठ पूजा के मौके पर सीक्वल की घोषणा का फिल्म की कहानी से भी खास जुड़ाव है। पहली फिल्म की पृष्ठभूमि बिहार की लोककथाओं और परंपराओं पर आधारित है।

इससे पहले रविवार को अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मुंबई के जुहू बीच पर आयोजित छठ पूजा समारोह में शामिल हुई थीं। फिल्म के गीत ‘छठी मैया’ के जरिए छठ पर्व की परंपराओं से जुड़ने वाली तमन्ना ने श्रद्धालुओं के साथ उत्सव में हिस्सा लिया।

तमन्ना ने कहा कि वह गीत को मिले प्यार और श्रद्धालुओं की आस्था के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए जुहू बीच पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा का महत्व और इस पर्व के बारे में मिली सीख हमेशा उनके साथ रहेगी।

बिहार की लोककथाओं पर आधारित है पहली फिल्म

‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ बिहार के बिहटा के पास स्थित वन देवी मंदिर से जुड़ी लोककथाओं पर आधारित है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ऋषि और तमन्ना भाटिया ने उनकी पत्नी ममता का किरदार निभाया है।

कहानी में ऋषि जमीन से जुड़े एक मामले के सिलसिले में अपनी पत्नी के साथ देवांचल गांव पहुंचता है। वहां उसे जंगल से जुड़ी पुरानी मान्यताओं और अंधेरा होने के बाद जंगल में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी के बारे में पता चलता है। इसके बाद कहानी रहस्य और रोमांच का रूप ले लेती है।

फिल्म फिलहाल प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।



Related