नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन के बाद उनके प्रति भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने बचपन से लेकर अब तक की यादों को ताजा करते हुए लोगों से सोनिया गांधी को उनकी नजरों से समझने की अपील की।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “अगर आप सोनिया गांधी को जानना चाहते हैं, तो एक बार उन्हें मेरी नजरों से देखिए। उनका साहस, संवेदनशीलता और तमाम मुश्किलों के बावजूद जिंदगी को प्यार से अपनाने की खूबसूरत क्षमता ही मेरी मां हैं।”
उन्होंने किताब के विमोचन के दौरान मिले प्यार और स्नेह के लिए लोगों का आभार भी जताया। राहुल ने कहा कि उनकी मां की किताब को मिला यह प्यार उनके लिए अविस्मरणीय है।

किताब के विमोचन समारोह में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते तथा राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार पर पड़े दुख के बारे में भी बात की।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के निधन के बाद उनकी मां की जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। किताब के शीर्षक ‘Belonging’ का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि उनकी मां और पिता एक-दूसरे से गहराई से जुड़े थे। पिता के जाने के बाद सोनिया गांधी को जिंदगी की एक नई यात्रा शुरू करनी पड़ी। उस दौर में उनकी मां का हंसमुख और मुस्कुराता हुआ रूप भी बदल गया था।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, एक बेटे के तौर पर वह अपनी मां के व्यक्तित्व के बारे में कुछ बातें साझा करना चाहते हैं।
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण का विमोचन बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में किया। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं।
इसके अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
