लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच जारी सीट बंटवारे के विवाद को लेकर विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को ‘बेमेल शादी’ करार देते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच इतनी कड़वाहट है कि उनके कार्यकर्ता जमीन पर मिलकर काम नहीं कर पाएंगे।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर मतभेद सामने आ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता इस गठबंधन को स्वीकार नहीं करेगी और यह जमीनी स्तर पर सफल नहीं हो पाएगा।
पाठक ने सपा पर अपराधियों को बढ़ावा देने और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही देश में आपातकाल लगाया था। दोनों दल जनता की सेवा के बजाय सत्ता और अपने हितों के लिए राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सरकार को सेवा की जिम्मेदारी सौंपती है, लेकिन विपक्षी दल जनता की भलाई के बजाय अपनी सुविधा के लिए सत्ता चाहते हैं।
कांग्रेस नेताओं के निष्पक्ष सीट बंटवारे की मांग वाले बयान पर भी पाठक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच मतभेद सार्वजनिक हो चुके हैं और जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो दल अभी सत्ता के लिए आपस में लड़ रहे हैं, वे भविष्य में जनता की सेवा कैसे करेंगे।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाठक ने कहा कि दोनों पार्टियां भाजपा से मुकाबले के बजाय आपस में सत्ता के लिए लड़ रही हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की घोषणा और सहारनपुर की कुछ सीटों को लेकर सामने आए मतभेदों ने दोनों दलों के बीच गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
