चिराग अटल, क्या टूटेगा एनडीए गठबंधन

अमरनाथ झा
बिहार चुनाव 2020 Updated On :

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी ने लगातार अडियल रुख अपना रखा है। एनडीए गठबंधन में  सीटों का बंटवारा अभी तक संपन्न नहीं हो सका है। आज संभावना व्यक्त की जा रही थी कि लोजपा अपनी ओर से अपनी दावेदारी की 143 सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। हांलाकि अभी तक ऐसा होने की खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार भाजपा ने लोजपा को 27 विधानसभा और दो विधान परिषद की सीटें देने की पेशकश आधिकारिक तौर पर की है। बातचीत के दौरान इसमें दस सीटों की बढोतरी की चर्चा भी हुई है। पर लोजपा के उन 43 सीटों से कम पर सहमत होने की संभावना नहीं दिखती जिनपर वह पिछले विधानसभा चुनाव में लड़ी थी। बात नहीं बनने पर वह 143 सीटों पर उम्मीदवार देने की धमकी दे रही है।

लोजपा प्रवक्ता अशरफ अंसारी ने कहा कि अभी तक सीटों की संख्या पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कई दौर में बातचीत हो चुकी है, पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। पार्टी की पार्लियामेंटरी बोर्ड ने अध्यक्ष चिराग पासवान को गठबंधन के बारे में कोई भी फैसला लेने के लिए अधिकृत कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ भाजपा के आला नेताओं की बातचीत लगातार चल रही है। चुनावों का ऐलान के बाद गठबंधन में सीटों की संख्या पर निर्णय नहीं होने से थोड़ी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।