सीट बंटवारे से नाराज वीआईपी सुप्रीमो मुकेश साहनी का महागठबंधन से विद्रोह


जैसे ही सीटों की घोषणा हुई जिसमें मुकेश साहनी की पार्टी की सीटों की संख्या नहीं बताई गई, वैसे ही साहनी ने हंमागा कर दिया। उन्होंने इसे अति पिछड़ी जातियों के साथ धोखा करार दिया।


अमरनाथ झा
बिहार चुनाव 2020 Updated On :

महागठबंधन की सीटों के बांटवारा की घोषणा आज हो गई। हालांकि इस प्रेस कांफ्रेंस में ही विकासशील पार्टी के मुकेश साहनी ने हंगामा कर दिया और गठबंधन छोड़ने की घोषणा कर दी। सीटों के बंटवारे का अंतिम परिदृश्य इस प्रकार है कि वामदलों (माकपा-4, भाकपा-6 और भाकपा-माले-19) कांग्रेस 70 सीट के अलावा वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र और राजद के हिस्से में 144 सीटें आई हैं जिसमें से उसे जेएमएम और वीआईपी को भी कुछ सीटें देनी है। पर वीआईपी सुप्रीमो मुकेश साहनी के विद्रोह के बाद उसे सिर्फ जेएमएम की चिंता करनी होगी।

एक स्थानीय होटल में हुए प्रेस कांफ्रेंस में राजद नेता तेजस्वी यादव को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार स्वीकर करनी की घोषणा की गई। प्रेस कांफ्रेंस में तेजस्वी के अलावा उनके भाई तेजप्रताप, कांग्रेस नेता सदानंद सिंह और मुकेश साहनी आदि उपस्थित थे। पर जैसे ही सीटों की घोषणा हुई जिसमें मुकेश साहनी की पार्टी की सीटों की संख्या नहीं बताई गई, वैसे ही साहनी ने हंमागा कर दिया।

उन्होंने इसे अति पिछड़ी जातियों के साथ धोखा करार दिया। कहा कि उन्हें 23 सीटें देने और उप मुख्यमंत्री बनाने की सहमति तेजस्वी ने दी थी। इसका घोषणा नहीं करना उनकी पीठ में छूरा भोंकने जैसा है। होटल के बाहर मौजूद उनके समर्थकों ने भी नारेबाजी शुरु कर दी। बताते हैं कि इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं के साथ उनकी झड़प भी हुई।