
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में एक 8वीं पास झोलाछाप डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किये जाने के बाद जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। इसके बाद पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डॉक्टर और अस्पताल संचालक को गिरफ़्तार कर लिया है। गिरफ्तार चिकित्सक 8वीं कक्षा जबकि संचालक 12वीं कक्षा पास है। पुलिस ने गंभीरता से इसकी छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के पूरे मल्लाहन का पुरवा गांव निवासी राजाराम कोरी की 35 वर्षीया पत्नी पूनम को प्रसव पीड़ा होने पर बृहस्पतिवार को डीह गांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद प्रसूता व नवजात शिशु की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि मृतका के पति राजाराम की तहरीर पर अस्पताल संचालक खीरी जिले के मितौली थाना क्षेत्र के राजेश कुमार साहनी व अयोध्या जिले के थाना पूरा कलन्दर निवासी झोलाछाप डाक्टर राजेंद्र कुमार शुक्ल के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। शर्मा ने बताया कि उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।