फ्लिपकार्ट के गोदाम में घुसे 9 बदमाश, कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

मृतक के परिजन सुजीत कुमार ने बताया कि प्रकाश तीन साल से सदर थाना क्षेत्र के खबड़ा स्थित फ्लिपकार्ट के दफ्तर में काम कर रहा था। उसका घर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में है।हर दिन काम करने के लिए आता था।

मुजफ्फरपुर के खबड़ा स्थित फ्लिपकार्ट के गोदाम में काम करने वाले एक कर्मचारी की बदमाशों ने रविवार (19 जनवरी) की रात गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मनियारी थाना क्षेत्र के सिलौट गांव निवासी प्रकाश कुमार मिश्रा (करीब 35 साल) के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। घटना के दौरान 4 लाख 93 हजार रुपये की लूट की बात सामने आई है।

इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।जिले के सदर थाना क्षेत्र का ये पूरा मामला है। खबड़ा स्थित एनएच पर फ्लिपकार्ट का गोदाम है। सूचना मिलते ही मौके पर एसएसपी सुशील कुमार पहुंचे।एसडीपीओ टाउन-2 विनिता सिन्हा ने भी घटना का जायजा लिया। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि देर रात को दफ्तर बंद करने का समय था। इस क्रम में कुछ स्टाफ गोदाम के अंदर थे तो कुछ बदमाश घुसे और लूट करने का प्रयास करने लगे।

लूटपाट के दौरान सायरन बजा तो बदमाशों ने स्टाफ प्रकाश कुमार मिश्रा के सिर में गोली मार दी। इसके बाद जो हाथ लगा लूट कर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में प्रकाश कुमार को अस्पताल लेकर लोग गए लेकिन बचाया नहीं जा सका।घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

मृतक के परिजन सुजीत कुमार ने बताया कि प्रकाश तीन साल से सदर थाना क्षेत्र के खबड़ा स्थित फ्लिपकार्ट के दफ्तर में काम कर रहा था। उसका घर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में है। हर दिन काम करने के लिए आता था।

पूरे मामले में एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि 9 बदमाश हथियार के साथ पहुंचे थे। फ्लिपकार्ट का गोदाम है। सारे स्टाफ पूरे दिन का कलेक्शन करके मिलान कर रहे थे। लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है। करीब 4 लाख 93 हजार के आसपास लूट हुई है। इसी क्रम में अलार्म बज गया तो बदमाशों ने एक स्टाफ को गोली मार दी। सीसीटीवी फुटेज और कुछ क्लू मिला है। इसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।अनुसंधान में और जो चीज आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

 

First Published on: January 20, 2025 12:09 PM
Exit mobile version