पांचवीं की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा पांचवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना को लेकर छात्रा के अभिभावकों के साथ अन्य लोगों में भी खासा आक्रोश बना हुआ है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव बाजपेई ने बताया कि गढ़िया रंगीन थाना अंतर्गत जगतिया पुर गांव में स्थित प्राइमरी विद्यालय का प्रधानाचार्य शमीम अहमद बाइक से कहीं जा रहा था, तभी उसने अपने घर के बाहर खेल रही 10 वर्षीय बच्ची के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की और वह उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले जाने लगा। इस दौरान छात्रा के चीखने पर घर के अंदर मौजूद परिजन बाहर आ गए और प्रधानाचार्य मौके से भाग गया।

वहीं शमीम अहमद ने कहा कि जब वह मंगलवार सुबह विद्यालय जा रहा था, तब रास्ते में बच्ची को खेलता देखकर उसने उससे स्कूल आने को कहा और इतने में ही बच्ची रो कर अपने घर की ओर भाग गई। इसके कुछ ही देर के बाद ग्रामीण विद्यालय आ गए और छेड़छाड़ का आरोप लगाने लगे। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर अहमद के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है।

First Published on: March 16, 2021 12:23 PM
Exit mobile version