प्रेमिका पर Acid Attack, पेट्रोल डालकर जलाने का भी प्रयास- मौत

भाषा भाषा
क्राइम Updated On :

औरंगाबाद। महाराष्ट्र के बीड जिले में एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर तेजाब फेंका और उसे जलाने का प्रयास किया, जिससे उसकी मौत हो गई। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में करने के निर्देश दे दिए गए हैं।’’

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अविनाश राजुरे (25) के रूप में की गई है और उसे नांदेड जिले से गिरफ्तार किया गया है। घटना शनिवार की है। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हमला क्यों किया गया।

उन्होंने बताया कि महिला प्रदेश के नांदेड़ जिले के शेलगांव की रहने वाली थी और वह पुणे से आरोपी के साथ अपने शहर जा रही थी। इस दौरान दोनों जिले के यलंब घाट स्थित एक सुनसान स्थान पर रूके जहां आरोपी ने महिला पर तेजाब फेंका और बाद में पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मरने वाली महिला के उम्र के बारे में नहीं बताया है।

अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात के बाद तीन बजे की है और पुलिस को अगले दिन दोपहर में घटना की जानकारी मिली। उसे दोपहर करीब दो बजे अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने कहा, शनिवार को महिला का बयान दर्ज किया गया, लेकिन उसने इस बारे में कुछ नहीं बताया कि उस पर हमला क्यों किया गया। बाद में उसकी मौत हो गयी।



Related