अपने बच्चों की हत्या कर मां ने भी फांंसी लगाकर दी जान

कन्नौज जिले के ठठिया क्षेत्र में अपने दो बच्चों की कथित रूप से गला दबाकर हत्या करने के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

कन्नौज। कन्नौज जिले के ठठिया क्षेत्र में अपने दो बच्चों की कथित रूप से गला दबाकर हत्या करने के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अरविंद कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि ठठिया थाना क्षेत्र के खलगपुरवा निवासी विनय कुमार यादव उर्फ गोविंद की पत्नी विनीता (25) का शव आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से लटकता पाया गया। वहीं बिस्तर पर उसके दो बच्चे लल्ला (चार माह) और बउवा (आठ माह) मृत पाए गए।

उन्होंने बताया कि विनय बुधवार को डेंगू से पीड़ित अपनी बहन सरिता को इलाज के लिए कानपुर ले गया था। घर पर उसकी पत्नी विनीता, दोनों बच्चे तथा परिवार के अन्य लोग थे। रात में विनीता अपने दोनों बच्चों को लेकर कमरे में चली गई। परिवार के लोग भी सो गये। गुरुवार की सुबह विनीता नहीं उठी। ननद कल्पना और प्रियंका ने खिड़की से देखा तो बिस्तर पर बच्चों के शव दिखे और विनीता फांसी के फंदे पर लटकी दिखाई दी।

कुमार ने बताया कि शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गये और खिड़की तोड़कर अंदर घुसे एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला और शवों को बाहर निकाला गया।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे का कहना है कि ऐसा लगता है कि विनीता घरेलू कलह से दुखी थी और इससे तंग आकर उसने पहले अपने बच्चों की गला दबाकर हत्या की और बाद में खुद फांसी लगा ली। बहरहाल, घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।

First Published on: September 30, 2021 4:22 PM
Exit mobile version