बलिया में अराजक तत्वों ने तोड़ी डॉ.अम्बेडकर की प्रतिमा, लोगों में आक्रोश

बलिया। यूपी के बलिया जिले के भीमपुरा क्षेत्र में बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किये जाने का मामला सामने आया है। इसकी खबर लगते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए।

एसडीएम सर्वेश यादव ने बताया कि भीमपुरा थाना क्षेत्र के खूंटा गांव में सोमवार तड़के अराजक तत्वों ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा का दाहिना हाथ क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए किसी तरह लोगों को शांत किया।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद स्थानीय लोगों, खासकर दलितों में आक्रोश व्याप्त हो गया। यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा नयी प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।

अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि इस मामले में अम्बेडकर समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार की शिकायत पर भीमपुरा थाने में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध IPC की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

First Published on: March 30, 2021 11:25 AM
Exit mobile version