कांस्टेबल पर चाकू से हमला, सर्विस रिवाल्वर छीनने की कोशिश

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब तिलक नगर थाना में तैनात कांस्टेबल मुकेश और उनके सहकर्मी दीपक चौखंडी इलाके में जांच-पड़ताल की ड्यूटी पर जा रहे थे।

दिल्ली पुलिस अतिरिक्त प्रवक्ता अनिल मित्तल ने बताया कि यह घटना शाम करीब 7.30 बजे हुई। हमलावर ने मुकेश नाम के कांस्टेबल की सरकारी पिस्तौल छीनने की भी कोशिश की। हालांकि, आत्मरक्षा में मुकेश ने हवा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली “गलती से” हमलावर को लग गई।

मित्तल ने कहा कि सागर नाम के इस हमलावर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि एक अस्पताल में कांस्टेबल मुकेश का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की आगे जांच की जा रही है।

First Published on: January 7, 2021 12:13 PM
Exit mobile version