सगे भाइयों ने कुल्हाड़ी से काटकर युवक की हत्या की, थाने पहुंच किया आत्मसमर्पण

लखनऊ। प्रदेश की राजधानी में रविवार रात दो सगे भाइयों ने मामूली विवाद में पड़ोस में रहने वाले युवक की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों भाई कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। वहीं, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

मोहनलालगंज कस्बे के भवानीखेड़ा निवासी मुश्ताक कंटेनर चालक था। रविवार रात वह अपने घर के बाहर बैठा था। आरोप है कि इस बीच पड़ोस में रहने वाले गोलू और उसके भाई गुड्डू से उसका विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुड्डू और गोलू ने कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले से मुश्ताक खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा। मोहल्ले वाले और परिवारीजन मुश्ताक को क्षेत्र स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से हालत नाजुक देख उसे ट्रामा रेफर कर दिया गया। ट्रामा में डॉक्टरों ने मुश्ताकको मृत घोषित कर दिया।

दोनों आरोपित थाने पहुंचे और हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लॉकअप में डाल दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर खून फैला पड़ा था। पुलिस ने हत्यारोपितों के खिलाफ मौके से साक्ष्य जुटाए।

इंस्पेक्टर गऊदीन शुक्ला ने बताया कि दोपहर मुश्ताक का हत्यारोपितों की बहन से विवाद हो गया था। उसी बात को लेकर शाम को गोलू और गुड्डू ने मुश्ताक के घर पर हमला बोल दिया।

First Published on: November 23, 2020 12:21 PM
Exit mobile version