महिला से दुष्कर्म मामले में एक ही परिवार के चार लोगों पर केस दर्ज

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में 30 वर्षीय एक महिला से बलात्कार के आरोप में एक परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी ने इस करतूत को रिकॉर्ड किया था।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने मोहम्मद जकी, उसके भाइयों इंतजार और रिजवान तथा रिजवान की पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। रिजवान पूर्व ग्राम प्रधान हैं। सिविल लाइंस थाना के एसएचओ डीके त्यागी ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मोहम्मद जकी ने चार साल पहले उससे बलात्कार किया था। जब वह कुछ काम के लिए उसके घर गई थी। आरोपी ने इस कृत्य को रिकॉर्ड कर लिया था और धमकी दी कि अगर उसने आवाज उठाई तो वह वीडियो को सार्वजनिक कर देगा।

उसने यह भी कहा कि उसने अपनी शिकायत को लेकर पूर्व ग्राम प्रधान व उसके भाई और उसकी पत्नी सहित जकी के परिवार से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने आरोपी का समर्थन किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मोहम्मद जकी ने 16 सितंबर को फिर से उससे बलात्कार किया। पुलिस ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं।

First Published on: December 16, 2020 12:13 PM
Exit mobile version