छत्तीसगढ़: एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, घायल हालत में मिला बच्चा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों का शव बरामद किया है जबकि एक बच्चे को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रहे है कि किसी ने रंजिश के चलते इनकी हत्या की है। पुलिस ने बताया कि खुड़मुड़ा गांव में घर के आंगन में किर्ती सोनकर का शव मिलने की जानकारी मिली थी।

दुर्ग के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुड़मुड़ा गांव में पुलिस ने रोहित सोनकर (32), रोहित की पत्नी किर्ती सोनकर (28), उसके पिता बाला राम सोनकर (60) और मां दुलारी बाई सोनकर (55) का शव बरामद किया है। वहीं, पुलिस ने रोहित के 12 वर्षीय घायल बेटे दुर्गेश सोनकर को अस्पताल में भर्ती कराया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तब वहां किर्ती का बेटा दुर्गेश घायल मिला। हालांकि, तीन अन्य बच्चे घर में ही थे, जिनकी उम्र चार से सात वर्ष के बीच है। पुलिस ने किर्ती के शव और घायल दुर्गेश को अस्पताल रवाना किया तथा घर के अन्य सदस्य किर्ती के पति और सास, ससुर की तलाश शुरू की।

रोहित का परिवार सब्जी का व्यवसाय करता था। पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तब वहां सभी सामान और नगद राशि सुरक्षित मिली। पुलिस को आशंका है कि आपसी रंजिश में परिवार की हत्या की गई है। हांलाकि, घायल दुर्गेश का बयान इस घटना में अहम है।

First Published on: December 22, 2020 12:14 PM
Exit mobile version