गाजियाबाद में दोस्तों ने की दिव्यांग व्यक्ति की गला दबाकर हत्या

आरोपियों ने दिव्यांग का गला दबाने के साथ उस पर कैंची से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक दिव्यांग व्यक्ति की उसके चार दोस्तों ने कथित तौर पर गला दबाकर और कैंची से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दिव्यांग की हत्या करने के बाद ईंधन डालकर उसका शव जला दिया।

पुलिस के मुताबिक यह वारदात 21 नवंबर को हरबंस नगर कॉलोनी में हुई, जब दिव्यांग अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। आरोपियों की पहचान विवेक, रवि, सचिन और सौरभ के रूप में की गयी है। पार्टी के दौरान आरोपियों ने जाति के आधार पर दिव्यांग को जातिसूचक गाली दी, जिसका उसने विरोध किया।

क्षेत्राधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि आरोपियों ने दिव्यांग का गला दबाने के साथ उस पर कैंची से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दिव्यांग के भाई संदीप और विशाल ने जब उसे ढूंढा तो वह नहीं मिला। इसके बाद शुक्रवार रात को एक खाली जगह पर उन्हें एक मानव कंकाल और कुछ जले हुए कपड़े मिले। दोनों ने कपड़े से उसकी पहचान की।

पुलिस डीएनए जांच कर मृतक की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने सौरभ, विवेक और रवि को गिरफ्तार कर लिया है जबकि सचिन फरार चल रहा है। एक अन्य घटना में हिंडन विहार कॉलोनी में एक नवविवाहित महिला की उसके पति ने हत्या कर दी। पुलिस पति को ढूढ रही है।

First Published on: November 29, 2021 11:19 AM
Exit mobile version