हाथरस में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने पर पिता को सरेआम गोलियों से भूना, मौत


हाथरस। यूपी का हाथरस जिला एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। जिले के सासनी क्षेत्र के नौजरपुर गांव बेटी के साथ छेड़छाड़ की पुलिस में शिकायत करने से नाराज कुछ युवकों ने पीड़िता के पिता को सरेआम गोलियों से भून दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपित छेड़छाड़ का केस वापस लेने के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहा था।

इस मामले में पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं,मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के साथ ही वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने के भी निर्देश दिए हैं।

घटना के बारे में बताया जाता है कि आरोपितों ने कई राउंड फायरिंग की। घटनास्थल पर पुलिस को आधा दर्जन खाली कारतूस के खोखे मिले हैं, जिनमें तीन खोखे 315 बोर व दो पिस्टल के कारतूस शामिल हैं, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। हाथरस के सासनी क्षेत्र के गांव नौजरपुर में सोमवार शाम 52 वर्षीय किसान आलू की खुदाई कर रहे थे। वहां पर कुछ अन्य मजदूर भी काम कर रहे थे।

इस दौरान गौरव शर्मा, रोहिताश शर्मा, निखिल शर्मा व ललितेश शर्मा अपने दो अन्य साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचे। यहां उन्होंने दो साल पहले किसान के परिवार की एक लड़की की ओर से दर्ज कराए गए छेड़छाड़ के मुकदमे में समझौते के लिए धमकाते हुए फायरिंग कर दी। कई राउंड फायरिंग में 52 वर्षीय किसान गोली लगने से वहीं गिर पड़े। पुलिस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की बेटी ने गौरव शर्मा समेत आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया है। गौरव के पिता श्रावस्ती जिले में कृषि विभाग में कार्यरत हैं। गौरव परिवार के साथ वहीं रहता था। नौजरपुर में अपनी मौसी के यहां उसका आना-जाना था। गौरव के खिलाफ ही मृतक के परिवार की एक लड़की ने छेड़छाड़ का मुकदमा 16 जुलाई, 2018 को दर्ज कराया था, जिसमें गौरव जेल भी गया था। दोनों पक्षों में तभी से रंजिश चली आ रही थी।



Related