पत्नी से विवाद के बाद पिता ने अपने तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंका

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के सीएम सिटी करनाल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोमवार की रात पत्नी से विवाद होने के बाद पिता ने अपने तीन मासूम बच्चों को ज़िंदा नहर में फेंक दिया और वापस घर पहुंचकर इसकी जानकारी परिवार वालों को दी।

इसके बाद आरोपित पिता भाग गया। इस मामले में पुलिस ने सम्बंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित को मंगलवार को अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी सुशील कुमार का उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था और उसके बाद वह बच्चो को लेकर चला गया।

दरअसल, करनाल के नलीपार गांव में सोमवार देर रात घरेलू विवाद के चलते गांव नलीपार वासी सुशील कुमार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक पर अपने तीन बच्चों तीन वर्षीय देव, पांच वर्षीय जोनी और आठ वर्षीय शिव को बाइक पर बैठाकर घर से निकल गया।

परिवार के लोगों ने भी उसे देख लिया और वे भी पीछे दौड़े, लेकिन वह हाथ नहीं आया। उसने बच्चों को कलवेहड़ी व सुबरी गांव के बीच नहर में फेंक दिया। इसके बाद वह दूसरे रास्‍ते से घर पहुंचा। पिता चरण सिंह को कहा कि मैंने बच्‍चों को नहर में फेंक दिया है, फ‍िर कपड़े बदले और फरार हो गया।

इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और कुंजपुरा थाना के एसएचओ मुनीष कुमार टीम के साथ पहुंचे तो वहीं पुलिस कंट्रोल रूम में भी सूचना दी, जिसके बाद गोताखोर मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

First Published on: November 24, 2020 4:26 PM
Exit mobile version