बलिया में युवती की गला काटकर हत्या, गेहूं के खेत में मिला शव

बलिया। यूपी के बलिया जिले में बांसडीह रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव गेहूं के खेत में पाए जाने के बाद पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई। हत्या की खबर लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा के अलावा फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंच गई।

बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सराक गांव में राजभर बस्ती की एक युवती की गला काटकर हुई हत्या के बाद खेत से उसका शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सोमवार की दोपहर गांव की राजभर बस्ती के समीप खेतों में गये कुछ लोगों ने युवती का शव वहां पड़ा देखा तो शोर मचाकर आस पास के लोगों को बुलाया।

इसके बाद मौके पर धीरे धीरे काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी। युवती की पहचान सिंधु (18) पुत्री बबन राजभर निवासी सराक के रूप में हुई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के अनुसार युवती सुबह से ही अपने घर से गायब थी लेकिन वे अपने स्तर से उसकी खोजबीन में लगे थे।

इसके बाद इस घटना की खबर पाकर वे मौके पर पंहुचे तो सिंधु की गला काटकर हत्या हो चुकी थी। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ के बढ़ने के कारण सीओ बांसडीह के नेतृत्व में बांसडीह कोतवाली व सहतवार की फोर्स भी पंहुच गयी। मौके पर पुलिस अधीक्षक फारेंसिक टीम के साथ मौजूद रहे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एक संदिग्ध को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ तथा जांच/साक्ष्य संकलन व अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

First Published on: March 30, 2021 12:05 PM
Exit mobile version