उत्तर प्रदेश के हरदोई के पाली थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई है। चार साल से चल रहे प्रेम संबंधों के बीच प्रेमी द्वारा दूसरी जगह शादी कर लेने से नाराज शादीशुदा प्रेमिका जिसके चार बच्चे हैं, ने युवक को मिलने बुलाया और ब्लेड से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस मामले को लेकर अभी पुलिस से शिकायत नहीं की गयी है।लेकिन अधिकारियों के मुताबिक मामला संज्ञान में है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पाली थाना क्षेत्र के ग्राम गुजदेई निवासी 20 वर्षीय सुधीर का पिछले चार वर्षों से एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला रिश्ते में युवक की भाभी लगती है और उसकी ससुराल सवायजपुर में है। सुधीर की शादी बीते 6 मई को जसमई खिलौना गांव में हुई थी। जब इसकी भनक प्रेमिका को लगी, तो वह आगबबूला हो गई।
शनिवार दोपहर प्रेमिका ने सुधीर को बातचीत करने के बहाने ग्राम कुरसैली में बुलाया। वहां दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने अचानक ब्लेड निकालकर सुधीर के प्राइवेट पार्ट पर वार कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी महिला मौके से फरार हो गई।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे दोस्तों ने घायल सुधीर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। डॉक्टरों के मुताबिक अभी घायल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जबकि पाली थाना पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
