बलिया में पत्रकार की गोली मारकर हत्या, थाना प्रभारी सस्पेंड

बलिया। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां बलिया जिले में सोमवार की रात एक टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात फेफना थाना से करीब 500 मीटर दूरी पर हुई। सिर में गोली लगने से रतन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्रकार की हत्या की खबर होते ही बलिया एसपी, एडिशनल एसपी, क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में फेफना थाना प्रभारी शशिमौली पांडेय को सस्पेंड कर दिया गया है।

बलिया पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ ने बताया कि पट्टीदारों से उनका विवाद चल रहा था। तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। फेफना निवासी पत्रकार रतन की हत्या के बाद लोगों में काफी आक्रोश बना हुआ है। वहीं, वारदात की खबर लगते ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ ही कई पत्रकर और विभिन्न संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने फेफना-रसड़ा मार्ग को जाम कर दिया।

बताया जाता है कि 40 वर्षीय रतन सिंह ने हमलावरों से बचने के लिए भागने की कोशिश की लेकिन उन्हें दौड़ाकर गोली मार दी गई। फेफना तिराहा के पास उनका नया मकान है लेकिन वह देर रात तक शव गांव पर ही थे। शाम को गांव में ही किसी के यहां बैठने के बाद पैदल ही वापस घर जा रहे थे। तभी कुछ लोगों ने रतन को बात करने के बहाने बुलाया। ग्रामीणों के अनुसार जान बचाने के लिए रतन ग्राम प्रधान के घर में घुस गए लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा और एक-एक कर तीन गोलियां दाग दीं। इससे रतन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

First Published on: August 25, 2020 10:41 AM
Exit mobile version