नागालैंड पुलिस ने फर्जी मार्कशीट रैकेट मामले में तीन लोगों को किया गिरफ्तार

कोहिमा। नागालैंड पुलिस ने पड़ोसी असम से तीन लोगों को फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अंक-सूची रैकेट चलाने के मामले में गिरफ्तार किया है। नगालैंड पुलिस मुख्यालय के पीआरओ ने बताया कि नगालैंड पुलिस की सीआईडी शाखा के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एक संगठित रैकेट का खुलासा किया।

इस रैकेट के जरिए असम के कुछ आईटी पेशेवरों द्वारा नगालैंड के छात्रों की फर्जी अंकसूची और उच्च विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र और उच्चतर माध्यमिक परित्याग प्रमाण पत्र समेत अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्र बनाए जा रहे थे। एक महीने की छानबीन और निगरानी के बाद एसआईटी ने असम के विभिन्न स्थानों से तीनों आरोपी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

मुख्य आरोपी को बेलटोला, गुवाहाटी से गिरफ्तार किया गया जबकि अन्य दो को असम के कोकराझार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। इस रैकेट में शामिल उनके अन्य साथियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

First Published on: March 26, 2021 12:25 PM
Exit mobile version