योगीराज: हाथरस के बाद बलरामपुर में सामूहिक बलात्कार की शिकार दलित लड़की ने तोड़ा दम

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में कॉलेज में एडमिशन लेने गयी एक दलित लड़की के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया और अस्पताल ले जाते समय पीड़िता की मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने कहा कि घटना जिले के गैसड़ी क्षेत्र में हुई जहां 22 वर्षीय दलित लड़की एक निजी कंपनी में काम करती थी। मंगलवार की शाम जब वह समय पर घर नहीं पहुंची तब उसके माता पिता ने उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस ने कहा कि लड़की के माता- पिता ने बताया कि लड़की बाद में एक ऑटो रिक्शा से घर पहुंची। लड़की की हालत गंभीर थी और उसके माता पिता उसे अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में लड़की की मौत हो गई।

पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी मंगलवार को करीब दस बजे कॉलेज में एडमिशन के लिए गई थी। तभी कुछ लड़कों ने उसका अपहरण कर लिया और उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। शाम तक न लौटने पर परिजनों ने उसे फोन करना शुरू किया तो उसका फोन बंद आ रहा था।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने घटना की निंदा करते हुए ट्वीट किया कि, “हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।”


यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा, “हाथरस के बाद अब बलरामपुर में भी एक बेटी के साथ सामूहिक बलात्कार और उत्पीड़न का घृणित अपराध हुआ है व घायलावस्था में पीड़िता की मृत्यु हो गयी है। श्रद्धांजलि! भाजपा सरकार बलरामपुर में हाथरस जैसी लापरवाही व लीपापोती न करे और अपराधियों पर तत्काल कार्रवाई करे।”

वहीं कांग्रेस नेता राज बब्बर ने कहा, “अब #Balrampur में भी दलित समाज की लड़की के साथ पाश्विक कृत्य किया गया है। ऐसी ही घटना आज़मगढ़ और बुलंदशहर में भी घटी है. हर मामले में पीड़िता को न्याय का इंतज़ार है। महिला सुरक्षा के वादे पर सत्ता में आई थी BJP पर उसे भुला दिया गया। बेटियों की जान के बदले मुआवज़े से क्या होगा?”

उन्होंने ने कहा कि अस्पताल से मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद माता- पिता ने आरोप लगाया कि लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शाहिद और साहिल नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आजमगढ़ के एक गांव में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म

आजमगढ़ जिले के जीयनपुर क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्ष की एक बच्ची के साथ 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने कहा कि बच्ची की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार आरोपी बच्ची को नहलाने के बहाने अपने घर ले गया था। आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि दानिश नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बुलंदशहर में 14 वर्षीय किशोरी से बलात्कार

बुलंदशहर में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके ही पड़ोसी ने कथित रूप से बलात्कार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बुधवार रात बताया कि लड़की के पिता ने इस बाबत तहरीर दी है और आरोप लगाया कि उनकी 14 वर्षीय लड़की से पड़ोस में रहने वाले रिजवान (20) ने मंगलवार को बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का इलाज चल रहा है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही हैं।

First Published on: October 1, 2020 8:35 AM
Exit mobile version