शादी का झांसा देकर दलित युवती से दुष्कर्म, सरकारी नौकरी लगते ही आरोपी हुआ फरार

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 22 वर्षीय एक दलित युवती के साथ दो साल तक यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने युवती को झांसे में लेकर उससे शादी करने की बात कही और उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।

बांदा शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जयश्याम शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि महोबा जिले के मौदहा क्षेत्र की रहने वाली अनुसूचित जाति की 22 वर्षीय एक युवती यहां किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही है। उसने बृहस्पतिवार की शाम एक शिकायत दर्ज करवाई।

शुक्ला के अनुसार, शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोस में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करने वाला हमीरपुर जिले का युवक उत्कर्ष सचान पिछले दो साल से शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न दुष्कर्म करता रहा और अब शादी का दबाव डालने पर युवती को जान से मारने की धमकी दे रहा है।

युवती ने अपनी शिकायत में कहा कि एक माह पूर्व आरोपी की सरकारी नौकरी लग गयी और वह कानपुर चला गया है। युवती की शिकायत पर उत्कर्ष सचान के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया है।

First Published on: March 19, 2021 12:01 PM
Exit mobile version