पोते की मौत पर शोक जताने आए पड़ोसियों पर चलाई गोलियां, घटना में 6 लोग घायल

एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपने पोते की मौत पर शोक जताने आए लोगों पर कथित तौर पर गोलियां चलाईं, जिसमें छह लोग घायल हो गए।

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के एक गांव में 60 वर्षीय व्यक्ति ने उसके पोते की मौत पर शोक जताने आए लोगों पर कथित तौर पर गोलियां चलाईं, जिसमें छह लोग घायल हो गए।

उटीला पुलिस थाने के प्रभारी सुरजीत सिंह परमार ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार को जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बंधोली गांव में हुई। घटना के बाद आरोपी उदय सिंह परिहार फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

उन्होंने बताया कि उदय सिंह परिहार के 12 वर्षीय पोते साहिल की शुक्रवार सुबह तालाब में डूबने से मौत हो गई। इसके बाद कुछ लोग परिहार के घर पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। इसमें से कुछ पड़ोसियों से उसका पहले से विवाद चल रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन लोगों को देखकर परिहार भड़क गया और उन्हें घर से भगाने के लिए उसने अपनी बंदूक से गोलीबारी की। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद परिहार मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

First Published on: August 14, 2021 3:44 PM
Exit mobile version