SI ने दिल्ली में प्रेमिका को गोली मारने के बाद रोहतक में ससुर की हत्या की

नई दिल्ली। महिला दोस्त को गोली मारने के बाद फरार हुए दिल्ली पुलिस के एक SI ने हरियाणा के रोहतक में अपने 60 वर्षीय ससुर की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक SI संदीप दहिया ने उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में अपनी कार में झगड़ा होने के बाद महिला मित्र को कथित तौर पर गोली मार दी थी। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि उन्हें हरियाणा पुलिस से सूचना मिली है कि रोहतक की घटना में SI की कथित तौर पर संलिप्तता थी।

वहीं SI की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति से अलग रहती है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने पहले भी धमकी दी थी कि वह उनके पिता की हत्या कर देगा। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान रणबीर के तौर पर हुई। यह घटना उस वक्त हुई जब वह अपने घर के बाहर सफाई कर रहे थे। सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरा में दिखा है कि दिल्ली नंबर की एक एसयूवी वारदात के बाद वहां से जा रही थी।

पुलिस ने बताया कि व्यक्ति के माथे में गोली लगी और उनकी मौत हो गयी। रोहतक पुलिस ने बताया कि एक मामला दर्ज कर लिया गया। हत्यारे को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि दहिया ने रविवार को उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में झगड़े के बाद अपनी महिला दोस्त को गोली मार दी थी। शाहाबाद डेयरी थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक जयवीर ने महिला को घायल अवस्था में देखा था, जब वह जी टी करनाल रोड पर साईं मंदिर के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने महिला को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया।

 

 

First Published on: September 29, 2020 12:58 PM
Exit mobile version